गोण्डा:बहन से अभद्रता की शिकायत पर भाई को किया लहू-लुहान,एएसपी से शिकायत

हल्के के दरोगा पर आरोप, कार्रवाई नहीं जबरन सुलह कराने का डाल रहे दबाव

रिपोर्ट:- मनोज मौर्य 
गोण्डा। प्रदेश की योगी सरकार द्वारा मनबढ़ों पर लगाम लगाने के सख्त निर्देशों व जिले के पुलिस कप्तान द्वारा इस दिशा में किये जा रहे गंभीर प्रयासों के बावजूद मनबढ़ दबंग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे।
ताजा मामले में जिले के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के एक गाँव में स्कूल जा रही बहनों के साथ युवकों द्बारा अभद्रता की शिकायत उसके भाई पर भारी पड़ गया।बदमाश युवकों ने उसके सिर पर सरिये से वार करके उसे घायल कर दिया।दिलचस्प तो यह है कि,पुलिस से शिकायत पर वह कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों के साथ जबरन सुलह करवाने का दबाव डाल रही है।
मामला मनकापुर कोतवाली के कन्धईजोत गाँव का है ।जहाँ की रहनेवाली पीड़िता रामावती पत्नी राजेन्द्र प्रसाद ने एसपी की गैर मौजूदगी में एएसपी महेन्द्र कुमार को दिये अपनी तहरीर में बताया कि,उसकी पुत्री के साथ बीते दिन जाते समय गाँव के ही दबंग युवकों कुलदीप पुत्र राजकरन, मुकेश पुत्र नन्हें प्रसाद, राघवेन्द्र पुत्र रामबरन व दद्दू पुत्र धर्मराज ने गाली देने के साथ अभद्रता की ,जब उनकी इस हरकत की जानकारी उसके भाई को हुई तो उसने युवकों से इसपर विरोध दर्ज कराया इसी बात पर उन युवकों ने उसे गाली देते हुये सरिये से उसके सिर पर हमला कर दिया।जिसमें वह घायल हो गया।
पीड़िता ने हल्के के दरोगा बृजेन्द्र गौड़ पर गंभीर आरोप लगाते हुये कहा कि,कोतवाल द्वारा मामला उन्हें सौंपने के बावजूद उन्होंने मामला दर्ज नहीं किया,उल्टा जबरन सुलह लगाने का दबाव डाल रहे हैं।
आरोप बेबुनियाद-बृजेन्द्र पटेल 
वहीं जब इस बावत दरोगा बृजेन्द्र गौड़ से बात की गई तो उन्होंने कहा कि,आरोप निराधार है,वह थाने से चले गये थे इस लिये मामला दर्ज नहीं किया जा सका।
बहरहाल एएसपी ने पीड़िता को जांच का का भरोसा दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ