तेल से भरा टैंकर पलटा,ड्राइवर व खलासी घायल

रिपोर्ट:- मनोज मौर्य 
गोंडा।जिले के मनकापुर मस्कनवा मार्ग पर गन्ने लदे ट्रैक्टर-ट्राली से टकराकर एक तेल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया।जिसमें ट्रक ड्राइवर व उसका खलासी गंभीर रूप से घायल हो गये।
बताते हैं कि,बुधवार की देर रात तेल से भरा एक टैंकर गोण्डा से  बस्ती जनपद के गीता नगर जा रहा था। मनकापुर-मसकनवा मार्ग पर निर्मल नगर चौराहे के पास गन्ने से भरा एक ट्राला अचानक सामने आ गया जिससे तेल से भरा टैंकर टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें गोण्डा के रानीबाजार निवासी चालक संतोष कुमार सोनी व नगरा मछली बाजार निवासी खलासी श्याम विहारी पाण्डेय गम्भीर रूप से घायल हो गये। घायलों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर पहुँचाया गया,जहाँ उनका इलाज चल रहा है। गनीमत रही कि तेल से भरे टैंकर में आग नहीं लगी, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मनकापुर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम पहुँच गयी और  टैंकर को सुरक्षित गड्ढे से बाहर निकाल लिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ