एसपी ने अपराधों पर अंकुश लगाने के दिये निर्देश

पुलिस लाइन में अपराध गोष्ठी आयोजित

रिपोर्ट:- मनोज मौर्य 

गोण्डा। मुख्यालय स्थित  पुलिस लाइन सभागार में एसपी शैलेश कुमार पाण्डेय द्वारा सैनिक सम्मेलन व अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया।जिसमें पुलिस अधीक्षक ने वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को अपराधों पर अंकुश लगाये रखने के निर्देश दिये।

इस दौरान सर्व प्रथम उन्होंने  सम्मेलन में आये जनपद के समस्त थानों एवं प्रकोष्ठो से आए हुए पुलिस कर्मियों से उनका परिचय के साथ उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की, एवं उनके निराकरण हेतु संबंधितों को निर्देशित किया।
इसके साथ ही समस्त थाना प्रभारियों को थाने के स्टाफ की रहने-खाने की सुविधाओं के दृष्टिगत मेस की साफ-सफाई रखने व ठंढ के मौसम को देखते हुए जवानों की आवासीय व्यवस्था सुदृढ बनाने के लिये निर्देशित किया।  अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण लगाने, चोरी, लूट, नकबजनी व वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु कस्बा व ग्रामीण इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ-साथ बैंक व लेनदेन वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने तथा प्रतिदिन बैंक ड्यूटी में जाने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी के सम्बन्ध में ब्रीफ करने एवं सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान दृश्यता, गतिशीलता, सजगता एवं सतर्कता बनाये रखने हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने लंबित विवेचनाओं विशेषकर अनावरित अभियोगो के निस्तारण, वांछित अभियुक्तों, इनामी, जिलाबदर, एनबीडब्ल्यू  के विरूद्ध अभियान चलाकर गिरफ्तारी करने, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रभावी कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी कार्यवाही करने, मिशन शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिये थानो पर गठित एण्टीरोमियों टीमों की क्रियाशीलता निरंतर जारी रखने के साथ आम जनमानस में सुरक्षा की भावना को बढ़ाने हेतु पैदल गश्त को और अधिक क्रियाशील करने का निर्देश दिया।
उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव के दृष्टिगत विवादित प्रकरणों को चिन्हित कर प्रभावी कार्यवाही करने, जनता द्वारा दिये गये शिकायती प्रार्थना पत्रों, लंबित जनशिकायतो एवं आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों की गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए।गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर लक्ष्मीकांत गौतम, क्षेत्राधिकारी मनकापुर राम भवन यादव, क्षेत्राधिकारी, तरबगंज महावीर सिंह, सी0ओ0 प्रशिक्षु आशीष शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह व जनपद के सभी थानों के प्रभारी निरीक्षक/व थानाध्यक्षों समेत अन्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ