रिपोर्ट:-अमित कुमार
बलिया।जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के रामपुर चीट क्षेत्र के सदानों बदानों बाबा के मैदान में मगई नदी पर रामपुरचीट एवं बंजरपुर में पीपापुल का उद्घाटन करने जा रहे पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी को पुलिस ने नरहीं थाने के पास से हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस ने अंबिका चौधरी को ये कहते हुए जाने से रोक दिया कि उक्त कार्यक्रम की अनुमति नहीं है, लिहाजा आप नहीं जा सकते, आपको हमारे साथ थाने पर बैठना होगा, इस पर अंबिका चौधरी ने थाने पर बैठने से इंकार कर दिया। जिसके बाद पुलिस अंबिका चौधरी के काफिले के साथ लग गई और सीधे कपूरी स्थित उनके आवास पर आकर उनको छोड़ा।
पूर्व मंत्री को इस तरह रोके जाने पर राजनैतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। उधर अंबिका चौधरी के कार्यक्रम स्थल पर न जाने के कारण अंतत: बसपा के युवा नेता उपेंद्र पाण्डेय ने स्वयं ही फीता काटकर पीपा पुल का उद्घाटन कर दिया। गौरतलब हो कि उक्त पीपा पुल न होने के कारण दर्जनों गांवों के लोगों का आना जाना मुश्किल हो गया था, खासकर बरसात के मौसम में और भी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसे लेकर क्षेत्रीय लोगों ने कई बार विधायक व मंत्रियों से गुहार लगाई, लेकिन किसी ने नहीं सुना। इतना ही नहीं उक्त नदी पर पीपा पुल की मांग उस समय से की जा रही थी जब देश की बागडौर पूर्व पीएम चंद्रशेखर के हाथों में थी और उनके लिए ये काम कोई बड़ी बात नहीं थी, लेकिन क्षेत्रवासियों के लिए ये दुर्भाग्य रहा और काम हुआ नहीं। इसके बाद तत्कालीन विधायक और वर्तमान मंत्री उपेंद्र तिवारी से भी गुहार लगाई गई थी। लेकिन किसी के कानों में जूं नहीं रेंगा। अंतत: बसपा के युवा नेता उपेन्द्र पाण्डेय ने बीड़ा उठाया और अपने अथक प्रयास से जनसहयोग से आखिरकार पीपा पुल का निर्माण करा ही दिया, शुक्रवार को उसका उद्घाटन होना था और कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी शिरकत करने वाले थे, जो शायद भाजपा सरकार को रास नहीं आई। लिहाजा कार्यक्रम स्थल पर पहु़ंचने से पहले ही नरहीं पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया व उन्हें वापस उनके घर छोड़ दिया । इसके बाद जब अंबिका चौधरी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच नहीं पाए तो अंतत: उपेन्द्र पाण्डेय स्वयं ही पुल का उद्घाटन कर उसे लोगों के लिये खोल दिया ।


0 टिप्पणियाँ