युवती को नशे का इंजेक्शन दे अपहरण का आरोप, मुकदमा दर्ज

शनिवार की सुबह नौ बजे की है घटना
रिपोर्ट:- मनोज मौर्य 
गोण्डा। जिले के वजीरगंज थानाक्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती का एक पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति पर संदेह जताते हुये चार अज्ञात लोगों पर नशे का इंजेक्शन देकर अपहरण का आरोप लगाया है।युवती की माँ की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
बताते चलें कि वजीरगंज थानाक्षेत्र के भगोहर गाँव की रहने वाली नसीमा बानो ने पुलिस को दिये अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि,बीते शनिवार करीब 9 बजे सुबह इण्टरमीडिएट में पढ़ने वाली उसकी 19 वर्षीय पुत्री  अपने विद्यालय जाते समय एक सफेद रंग की बोलेरो जीप से चार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसे रोककर उससे पहले अयोध्या का रास्ता पूंछा। जैसे ही वह रास्ता बताने लगी इतने में बोलेरो सवारों ने जबरन उसे खींच कर गाड़ी में बिठा लिया व उसे नशे का इंजेक्शन देकर उसके साथ मारपीट कर उसे अगवा कर गोण्डा पहुँच गये,इस दौरान रास्ते में उन्होंने युवती के गाँव के एक व्यक्ति से फोन पर कहा कि,काम हो गया है।
रानी बाजार स्थित फ्लाई ओवर पर चढ़ने से पहले चारों अपहरण कर्ता बोलेरो साइड में लगाकर लघुशंका करने चले गये।इतने में उसे होश आ गया व वह गाड़ी से उतर कर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई व किसी के फोन से अपने परिचित को फोन कर दिया।वहाँ पहुँच कर उसके परिजन उसे लेकर घर आये।
बहरहाल प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि, युवती की माँ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है व गाँव के ही एक संदेही व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है।चूँकि घटना संदिग्ध है इसकी जांच की जा रही है।
सूत्रों की माने तो पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये व्यक्ति का पीड़िता के पिता के साथ आबादी की भूमि को लेकर विवाद चल रहा है।जिसमें बीते 30 नवम्बर 2020 को स्थानीय थाने में दोनो पक्षों के विरुद्ध एनसीआर भी पंजीकृत किया जा चुका है।जो इस मामले को संदेहास्पद बना रहा है।जो जांच का विषय है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ