रिपोर्ट:- मनोज मौर्य
गोण्डा। जिले के इटियाथोक पुलिस ने कस्बे में स्थित एक गोदाम से पाँच लाख रूपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक सामानों के सामानों के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित पुलिस सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों को जानकारी देते हुये पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि,बीते
शुक्रवार की रात्रि को इटियाथोक के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दूबे पुलिस बल के साथ रात्रि गस्त के दौरान कस्बे में ही मौजूद थे कि,तभी उन्हें मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि, शातिर चोरों का हथियारों से लैस एक गिरोह स्टेशन के सामने खाली पड़े मैदान में मौजूद हैं व कहीं चोरी की योजना बना रहे है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुॅचकर थानाक्षेत्र के स्टेशन रोड पर हसन गली में रहने वाले परवेज पुत्र मुसतक़ीम तथा कस्बे के अतीक सिद्दीकी पुत्र ज़ामिन अली को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी करने के उपकरणों समेत एक तमंचा 12 बोर व 2 जिन्दा कारतूस तथा एक चाकू बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि, आरोपियों ने पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि वे रात्रि के अंधेरे में डुप्लीकेट चाभी से दुकानों का ताला खोलकर व तोड़कर वहाँ से समान व नगदी चुरा लेते हैं,तथा चोरी के सामान को गांव-देहात में जाकर लोगो को औने पौने दामों में बेचकर जो पैसा मिलता है उसे आपस में बाँट लेते हैं।
गिरिफ्तार चोरों ने बताया कि, अभी 2 दिन पूर्व उन्होंने डुप्लीकेट चाभी से एक इलेक्ट्रानिक सामानों के गोदाम का ताला खोलकर उसमें रखा काफी इलेक्ट्रानिक समान चोरी किया था। जिसे अपने घरों में छिपा कर रखा है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि,चोरों की निशानदेही पर उनके घरों से चुराया हुआ 13 एलईडी टीवी 2 फ्रिज,3 वाशिंग मशीन,2 गीजर,5 इन्वर्टर,1 मिक्सी,1 साउन्ड सिस्टम , 1 कूलर बरामद किया गया।गिरफ्तार चोरों को पुलिस ने रिमाण्ड हेतु न्यायालय रवाना कर दिया है।


0 टिप्पणियाँ