गोण्डा:होटल से बीडीसी सदस्यों को उठाने के विरोध पर सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पीटा

भाजपाईयों के इशारे पर सपा कार्यकर्ताओं का हो रहा उत्पीड़न-नरेन्द्र सिंह
गोण्डा।मुख्यालय स्थित सूरज होटल में आगामी प्रमुखी के चुनाव के मद्देनजर मीटिंग कर रहे रूपईडीह क्षेत्र के बीडीसी सदस्यों को भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस उठाकर कोतवाली ले आई।सूचना फैलते ही कोतवाली में सपा व भाजपा नेताओं व उनके समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई।इसी बीच पुलिस के सामने ही दोनो पक्षों में गर्मा गर्मी हो हाथापाई की नौबत आ गई जिस पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुये सपा कार्यकर्ताओं की पिटाई करते हुये उन्हें कोतवाली परिसर से बाहर खदेड़ दिया।वहीं लगभग साढ़े छह घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद बीडीसी सदस्यों का लिखित बयान ले पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में उन्हें  उनके घर के लिये रवाना कर दिया।
वहीं इस प्रकरण पर सपा नेता व पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह के छोटे भाई नरेन्द्र सिंह ने नगर कोतवाली पुलिस की इस कार्यवाही पर रोष प्रकट करते हुये पुलिस पर भाजपा नेताओं के इशारे पर कार्य करने का आरोप लगाया व कहा कि, सूरज होटल स्थित सुवन्स मिलेनियम स्कूल में रूपईडीह क्षेत्र के 25 बीडीसी सदस्यों की आगामी प्रमुखी के चुनाव के मद्देनजर मीटिंग आयोजित की गई थी।जिसे भाजपा नेताओं के इशारे पर नगर कोतवाल व उनकी पुलिस ने जबरन उठाकर कोतवाली पहुँचा दिया।तथा बिना किसी गल्ती के कोतवाली परिसर में ही भाजपा विधायक मुन्ना द्विवेदी, जिला अध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी ,व अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने नगर कोतवाल आलोक राव व अन्य पुलिस कर्मियों ने जमकर पिटाई कर दी तथा परिसर से बाहर कर दिया व बीडीसी सदस्यों को उनके परिजनों के बजाय पुलिस की अभिरक्षा में उनके थानाक्षेत्रों में पहुँचा दिया।जो सरासर अत्याचार है।उन्होंने कहा कि,वह इस तरह की ज्यादती बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बीडीसी सदस्यों ने कहा अपनी मर्जी से आये
वहीं घर पहुंचाये जा रहे बीडीसी सदस्यों ने बताया कि,वह अपनी मर्जी से मीटिंग में आये थे ।भाजपा नेताओं की साजिश के चलते पुलिस उन्हें उठाकर लाई है।उनके इस बयान से सत्ताधारी नेताओं के इशारे पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की हकीकत सामने आ रही है।
जमे रहे विधायक व पूर्व विधायक
इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान भाजपा विधायक मुन्ना द्विवेदी, जिला अध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी, नीरज मौर्य, तथा पूर्व सपा विधायक बैजनाथ दूबे,नरेन्द्र सिंह, मशहूद खान दर्जनो कार्यकर्ता मौजूद रहे व उनमें जमकर बहसबाजी हुई।
क्या कहते हैं एएसपी शिवराज?
इस प्रकरण के बावत अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि,पुलिस को सूचना मिली कि,सूरज होटल में रूपईडीह के क्षेत्र पंचायत सदस्यों को रखा गया है।जिस पर पुलिस ने वहां पहुंच कर उन्हें कोतवाली ले आई तथा उनसे पूछताछ कर उन्हें शकुशल उनके घर पहुंचा दिया गया है।इसी के साथ पुलिस जांच कर रही है जो भी होगा विधिक कार्यवाही की जायेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ