गोण्डा-कर्ज जमा करने की सूचना देने गये प्रबंधक की पिटाई ,चार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

मनोज
गोंडा।जिले के करनैलगंज में  बैंक के बकायेदारों को कर्ज  जमा करने की सूचना देने गए एक शाखा प्रबंधक के साथ गांव के दबंगों ने अभद्रता करते हुये पिटाई करने के साथ  उसे जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में शाखा प्रबंधक ने कोतवाली करनैलगंज में चार लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अख्तियारापुर उल्लहा की है। जहां प्रथमा सर्व यूपी ग्रामीण बैंक भभुआ के शाखा प्रबंधक खेमेंद्र सिंह बकायेदारों एवं उनके गारंटर को बकायेदारी की सूचना देने के लिए जमानतदार लल्लू मिश्रा के यहाँ गए थे।जो गाँव के दबंगों को नागवार गुजरी । उन्होंने प्रबंधक को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शाखा प्रबंधक खेमेन्द्र सिंह ने बताया कि मारपीट गाली-गलौज के साथ-साथ उन्हें घसीट कर घर के अंदर ले जाने का प्रयास किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि, किसी तरह भाग कर अपने बैंक शाखा में पहुंचे और अपने अधिकारियों को सूचना दी। बैंक प्रबंधक के साथ मारपीट की सूचना मिलने के बाद करीब दो दर्जन ग्रामीण बैंक शाखाओं के बैंक अधिकारी कोतवाली पहुंच गए और शाखा प्रबंधक खेमेंद्र सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। प्रभारी कोतवाल दिवाकर मिश्रा ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। जिसमें गाँव के चार लोगों कुलदीप, शिवानंद, रामानंद एवं धर्मेंद्र सिंह  के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ