गोण्डा डेस्क
गोण्डा। जिले के धानेपुर बाजार में नकली टाटा नमक बिकने की की शिकायत पर शुक्रवार को हुई पुलिस छापेमारी में तीन दुकानो से कुल 934 पैकेट नकली टाटा नमक के पैकेट के साथ 50 किलो लूज नमक व उसका रैपर बरामद हुआ। इस मामले में तीन के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस जाँच-पड़ताल कर रही है।
उनके ब्रांड के नाम से नकली धानेपुर में नकली नमक की बिक्री की जानकारी होने पर चंडीगढ़ से आये टाटा नमक कंपनी के अधिकारी अमित कुमार झा पुत्र शंभुनाथ ने धानेपुर पुलिस से इसकी शिकायत की थी । जिसमें उन्होंने कहा था कि, टाटा नमक के ब्रांड का दुरुपयोग कर क्षेत्र में लंबे समय से टाटा के नकली ब्रांड के नमक का सप्लाई किया जा रहा है । शिकायत को गंभीरता से लेते हुये पुलिस टीम ने उनके साथ शुक्रवार को तीन जगहों पर छापेमारी करते हुये 17 बोरी में 934 पैकेट नकली टाटा नमक, 50 किलो नकली लूज नमक व एक बोरी पैकिंग करने के लिए रखे गए खाली रैपर बरामद किया है। मामले में धानेपुर थाने में थाना क्षेत्र के गोरथनिया मुजेहना के रहने वाले चंद्रिका प्रसाद यादव पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद यादव,अमर किराना स्टोर संचालक पवन कसौंधन पुत्र परमात्मा प्रसाद और वर्मा किराना स्टोर के संचालक बलराम वर्मा के विरुद्ध कॉपीराइट एक्ट अधिनियम धारा 63/65 के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस संबंध में एएसपी मनोज रावत ने बताया कि,टाटा कंपनी कर्मी की ओर से क्षेत्र में नकली टाटा नमक की बिक्री की सूचना मिली थी।जिसके आधार पर तीन जगहों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में तैयार नमक के पैकेटों समेत लूज नमक व उसका रैपर पुलिस ने बरामद किया है।इस मामले में तीन लोगों के विरुद्ध कॉपीराइट अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस जाँच-पड़ताल कर रही है।


0 टिप्पणियाँ