गोण्डा डेस्क
गोण्डा । जिले के नवाबगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत सरयू घाट पुलिस चौकी के प्रभारी समेत पांच पुलिस कर्मियों पर घर में घुसकर दो महिलाओं के साथ अभद्रता का गंभीर आरोप लगाते हुये इसकी डीएम व एसपी से शिकायत कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। इसी के साथ पुलिस कर्मियों का महिलाओं के साथ झड़प व उन्हें हाथ पकड़कर खींचने का एक वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। जिसके संबंध में एएसपी (पश्चिमी) ने इन आरोपों का खण्डन करते हुये सरयूघाट चौकी पुलिस के ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है।
चौकी क्षेत्र के जफरापुर व खुर्दाबाद गाँव निवासी महिला रंजना पत्नी विजयपाल व संगीता पत्नी जितेंद्र ने डीएम नेहा शर्मा और एसपी विनीत जायसवाल को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि, दोनों के पति बीते 25 दिनो से एक केस के चलते जेल में बंद हैं।बीते रविवार की दोपहर में सरयूघाट चौकी प्रभारी कुछ पुलिस कर्मियों के साथ आए और घर में घुसकर अभद्रता करते हुए मारपीट करने लगे। महिलाओं का यह भी आरोप है कि, पुलिस कर्मियों ने उनके कपड़े भी फाड़ दिए तथा उन्हें अपमानित किया । जिसका उन्हीं में से किसी ने महिलाओं से झड़प व उनका हाथ पकड़ कर खींचने का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया।
वहीं इस संबंध में एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय का ने बताया कि,दो पक्षों मस्तराम यादव व अनंतराम यादव को बीच बीते16 नवंबर को विवाद हुआ था,जिसमें नवाबगंज थाने में केस दर्ज हुआ था।बीते 17 नवंबर को पुलिस को दोबारा दोनो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर सरयूघाट चौकी पुलिस वहाँ पहुँची थी तथा उसने सिर्फ दोनो पक्षों के मध्य बीच-बचाव करते हुये वहाँ शांति व्यवस्था कायम किया था। इस संबंध में चौकी प्रभारी व अन्य पुलिस कर्मियों पर लगाये गये सभी आरोप निराधार हैं।


0 टिप्पणियाँ