गोण्डा - धोती-कुर्ते वाले युवक ने जनपद का बढ़ाया मान

पारंपरिक वस्त्रों में पूरा किया हाफ मैराथन,सदर विधायक को बताया प्रेरणास्रोत
गोण्डा डेस्क 
गोण्डा। जनपद के नवाबगंज क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने धोती-कुर्ता पहन हाॅफ मैराथन पूरा कर अपनी नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराते हुये अपने इलाके व जनपद का मान बढ़ाया है।
नवाबगंज कस्बे के पड़ाव मोहल्ले में बीते 25 वर्षों से भारत गैस वितरक के रूप में काम करने वाली सशक्त महिला उद्यमी आभा भार्गव और रमाकांत भार्गव के लिए गुरुवार का दिन  स्वर्णिम बन गया । जब उनके पुत्र गुंजन भार्गव ने धोती और कुर्ते में  कनाडा के टोरंटो ओन्टारियो शहर में 20 अक्टूबर को आयोजित टीसीएस टोरंटो वॉटरफ्रंट मैराथन की हाफ मैराथन प्रतियोगिता में 21 किलोमीटर की दूरी को रिकार्ड 01 घंटा 33 मिनट और 16 सेकंड में पूरा कर अपना नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराया है।जिसकी जानकारी मिलते ही माता-पिता इलाके के लोग अपने आपको गर्वित महसूस कर रहे  हैं। गुंजन ने बताया कि उनकी यह सफलता उनके माता-पिता और पूर्वजों को समर्पित है। इसलिए उन्होंने भारत की पारंपरिक वेशभूषा में यह दौड़ पूरी की। उन्होंने सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह को पारंपरिक वेशभूषा में हाफ मैराथन पूरी करने के लिए प्रेरित करने के लिए भी धन्यवाद दिया है।
सन 2008 में भारत से अपनी स्नातक की शिक्षा पूरी करने के बाद गुंजन भार्गव एमबीए करने के लिए फिलीपींस और फिर अमेरिका चले गए जहां के प्रतिष्ठित वारटन मैनेजमेंट स्कूल से उन्होंने एमबीए किया। इसके बाद लंदन में एक प्राइवेट अमेरिकी कंपनी में सीनियर डेवलपमेंट आफीसर के रुप में कार्य शुरू किया आज उसी कंपनी में वह बतौर डायरेक्टर वह काम कर रहे हैं। 
गुंजन का परिवार न्यू जर्सी शहर में रहता है। गुंजन की पत्नी शिप्रा और बेटा युवान भी अच्छे धावक हैं। वहां की विभिन्न प्रतियोगिताओं में दोनों पदक भी प्राप्त कर चुके हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ