यातायात माह नवम्बर के समापन कार्यक्रम में स्कूली वालंटियरों समेत यातायात पुलिस कर्मियों को दिया प्रशस्तिपत्र
गोण्डा डेस्क
गोण्डा। शनिवार को यातायात माह नवम्बर के समापन पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने यातायात जागरूकता अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।इस दौरान गुरूनानक चौराहे पर स्थित यातायात पुलिस बूथ पर आयोजित कार्यक्रम में जागरूकता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्कूली वालंटियरों के साथ यातायात पुलिस कर्मियों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित कर इसका समापन किया।इसी के साथ उन्होंने यातायात नियमों के पालन हेतु वाहन चालकों को संकल्पित किया।
पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम में लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि, हर दिन देश में हजारों लोग सड़क हादसों का शिकार होकर अपनी जान गँवाते हैं। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह यह है कि,वे यातायात नियमों की अनदेखी करते हुये उसका पालन नही करते हैं।उन्होंने कहा कि,यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुघर्टना से बचा जा सकता है। इन नियमों का पालन ही आपके सुरक्षित घर पहुंचने की कुंजी है ।नवंबर के पूरे महीने उच्चाधिकारियों, यातायात प्रभारी व उनकी टीम के साथ सभी थाना प्रभारियों व चौकी प्रभारियों ने जगह-जगह पर स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स के साथ यातायात जागरुकता रैली निकालते हुये लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया। एसपी ने बताया कि,अपने जागरूकता अभियान के क्रम में पुलिस ने 14 स्कूल व कॉलेजों में जाकर 6500 छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया साथ ही उन्हें यातायात वालंटियर बनाया गया।इस दौरान आर्थिक रूप से कमजोर 2 सौ दुपहिया चालकों को हेलमेट भेंट किया गया ।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 6,075 वाहनों का चालान करते हुए 13 वाहनों को सीज किया गया तथा 30 ट्रक, 40 चार पहिया व 30 ट्रैक्टर-ट्राली में रिफलेक्टिव टेप को चिपकाया गया।
इसी के साथ उन्होंने कहा कि,ठंड और कोहरे के मद्देनजर खासकर ट्रैक्टर और ट्राली में रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगवायें।एसपी ने कहा कि,इस अभियान को समाप्त न समझें ,यह पूरे साल चलने वाला है।
वाहन चलाने के दौरान रखें रखें यह सावधानी
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने वाहन चालकों को वाहन चलाते समय मोबाइल फोन व इयरफोन का प्रयोग न करने को कहा तथा अभिभावक नाबालिगों को वाहन न दें,दो पहिया वाहन चालक एवम् पीछे बैठी सवारी का हेलमेट जरूर लगायें।इसी के साथ उन्होंने कहा कि,चार पहिया वाहनों का प्रयोग करते समय सीट बेल्ट जरूर लगायें,गाड़ियों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियाँ न बैठायें,गाड़ियों की निर्धारित गति से अधिक गति से वाहन न चलायें। उन्होंने कहा कि,दायें बायें मुड़ते समय इण्डिकेटर का प्रयोग अवश्य करें,वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें,वाहनों पर आगे व पीछे दोनो साइड निर्धारित रिफ्लेक्टर टेप लगाकर चलें,एम्बुलेंस एवं फायर वाहनों को जाने हेतु पहले रास्ता दें,नशीले व मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाएं साथ ही वाहन चलाते समय सड़क पर स्टंट न करे,सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्तियों की मदद करें तथा डायल 112 पुलिस को सूचित करें।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ कुमार वर्मा, प्र०नि० को० नगर मनोज पाठक व प्रभारी यातायात जगदम्बा गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ