गोण्डा डेस्क
गोण्डा। जिले के आबकारी विभाग ने नवाबगंज स्थित स्टार लाइट बुक्क्रेम लिमिटेड, आसवनी में चोरी हुई 27,610 लीटर ब.ली. ग्रेन ई.एन.ए. के चोरी के मामले में जाँच के दौरान 58 हजार लीटर की चोरी पकड़ी है। जो आयात तो किया गया पर स्टाॅक में लिया ही नहीं गया था।
बीते 10 अक्टूबर को नवाबगंज स्थित मे० स्टार लाइट बुक्क्रेम लिमिटेड,आसवनी के टैंक संख्या-13 में से 27,610 ब.ली. ग्रेन ई.एन.ए. बह जाने का प्रकरण सामने आया था। जिसके बाद वहाँ पहुँचे विभागीय अधिकारियों ने अन्य स्टोरेज टैंकों की जांच की, लेकिन वहां से कोई अन्य स्टॉक प्राप्त नहीं हुआ। इससे मामला उन्हें संदिग्ध लगा तो विभाग ने इस पर जांच तेज कर दी। जिसमें यह खुलासा हुआ कि,आबकारी विभाग ने बीते 14 जून को जारी किए गए आयात परमिट के तहत मे० स्टार लाइट बुक्क्रेम लिमिटेड ने मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित जैगपिन ब्रेवरीज लिमिटेड से 58,000 ब.ली. ग्रेन ई.एन.ए.मंगाया था। जब विभाग ने इन आयातों की जानकारी मांगी, तो उसमें यह पाया गया कि 58,000 ब.ली. ग्रेन ई.एन.ए. को स्टॉक में लिया ही नहीं गया।जिससे करोड़ों की यह बड़ी चोरी अधिकारियों की पकड़ में आ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, विभाग ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए साक्ष्यों को इकट्ठा किया और जांच में यह सामने आया कि डिस्टिलरी के मालिक, उनके प्रतिनिधि और वहां के कर्मचारी ग्रेन ई.एन.ए. की चोरी में शामिल थे। इस चोरी के चलते राज्य सरकार के आबकारी राजस्व को बड़ी हानि हुई है। इस संबंध में आबकारी अधिकारी पी लवानिया ने बताया कि,यह चोरी मे० स्टार लाइट बुक्केम लिमिटेड, आसवनी नवाबगंज के अधिकारी और कर्मचारियों ने मिलकर की है तथा विभागीय स्तर पर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


0 टिप्पणियाँ