गोण्डा डेस्क
गोण्डा। भगवान से मिलने से क्यों रोका,इसी सवाल पर सोमवार को साईकिल से शौच गये बुजुर्ग की युवक ने सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी।मानसिक रूप से विक्षिप्त बताये जा रहे हत्या आरोपी एक दिन पूर्व भी मृतक बुजुर्ग से भिड़ चुका है।
मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली देहात क्षेत्र के बनघुसरा गाँव में रहने वाले 70 वर्षीय गंगा प्रसाद पुत्र दुखीराम सोमवार को करीब 9 बजे सुबह अपनी साईकिल से शौच के लिये घर से कुछ दूर स्थित गोड़वाघाट पुल के पास टेढ़ी नदी के किनारे मैदान में गये थे।
इसी दौरान वहाँ हत्याआरोपी विक्षिप्त युवक आ गया और मृतक से कहने लगा कि,उसे भगवान से मिलने से क्यों रोका।जिसके बाद वहीं पास में पड़े एक अद्धे ईंट को उठाकर कर जोर से बुजुर्ग के सिर पर दे मारा। जिसके बाद गंगा प्रसाद लहू-लुहान होकर वहीं जमीन पर गिर गये और उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मृतक के परिजनो को हुई तो वह भागे-भागे घटनास्थल पर पहुंचे इस दौरान आसपास के अन्य लोगों की भीड़ वहाँ एकत्रित हो गई। बनघुसरा गाँव के प्रधान की सूचना पर पहुँचे देहात कोतवाल संजय कुमार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
इस संबंध में कोतवाल ने बताया कि,हत्या-आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है तथा
एक दिन पूर्व मृतक से इस बात पर बहस की थी कि,उसे भगवान से क्यों नहीं मिलने दिया। सोमवार को फिर उसी सवाल पर ईंट से बुजुर्ग के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।उन्होंने बताया कि,
हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके बारे में जानकारी जुटाने के साथ घटना की जाँच की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ