गोण्डा। जिले के परसपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत पुरैना गांव के समीप सड़क किनारे शनिवार की सुबह संदिग्ध अवस्था में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इसकी जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जाँच-पड़ताल में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक थानाक्षेत्र के ग्राम सुसुंडा चेन लाल पुरवा निवासी 38 वर्षीय युवक बृजेश मिश्रा परचून की दुकान चलाता है ,इसी के साथ उसके पास एक पिकअप गाड़ी भी है । जिससे वह लोगों का सामान किराये पर उनके गंतव्य तक पहुँचाने का कार्य करता था।
शुक्रवार की देर शाम वह थाना तरबगंज अन्तर्गत पकड़ी बाजार में खाद गिराने की बात परिजनो से कहकर घर से अपना लोडिंग पिकअप लेकर निकला था।फिर गाड़ी खराब होने की सूचना दी और कहा कि गाड़ी ठीक करवाकर वापस आएंगे। सुबह उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में पुरैना गांव के पास सड़क किनारे मिला तथा उसकी पिकअप भी वहीं पास में खड़ी मिली । जैसे ही इसकी सूचना परिजनो को मिली तो वहाँ कोहराम मच गया।
इस संबंध में परसपुर के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि,शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है,जिसकी रिपोर्ट आने के बाद कुछ कहा जा सकेगा।फिलहाल जाँच-पड़ताल जारी है।


0 टिप्पणियाँ