गोण्डा। जिले के नवाबगंज कस्बे में गोल्डन सूट में स्पेस सोल्जर का गेटअप डाल घूम-घूम कर विद्युत विभाग के विरुद्ध प्रदर्शन कर रहे एक यू-ट्यूबर को पुलिस ने हवालात में बंद कर उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक थानाक्षेत्र के धर्मपुरवा का रहने वाला युवक वीरेंद्र कुमार एक यू-ट्यूबर है। सोमवार को वह स्पेस सोल्जर के भेष में हाथ में लिये तख्ती पर विद्युत कर्मियों पर गंभीर आरोप वाले स्लोगन के साथ कस्बे में घूम-घूम कर प्रदर्शन कर रहा था।अजीबोगरीब पोशाक में युवक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ था।
प्रदर्शनकारी युवक वीरेंद्र ने बताया कि वह पेशे से यू-ट्यूबर है और यू-ट्यूब पर आरके भाई गोंडा के नाम से चैनल है जिसपर हजारों फालोअर हैं।
युवक का आरोप है कि उसके गांव में जिन लोगों ने रिश्वत दी उनका कनेक्शन बचा है बाकी सभी के कनेक्शन विद्युत कर्मियों ने काट दिये। उसका स्वयं का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया है। इसके अलावा प्रतिमाह मीटर रीडिंग, मनमानी बिलिंग जैसे गंभीर आरोप भी युवक ने लगायें हैं। युवक का कहना है कि उसने रविवार को उप केंद्र पर जाकर जेई को प्रार्थना-पत्र भी दिया था। सोमवार को जब उसने जेई के पास फोन किया तो उन्होंने कहा कि सबका पैसा इकट्ठा कर लाओ तो लाइन जुड़वा देंगे। वहीं जब उसने प्रतिमाह रीडिंग के लिए स्थानीय मीटर रीडर से बात की मीटर रीडर ने कहा कि तुम्हारे बाप के नौकर नहीं हैं।
प्रदर्शन के दौरान युवक के पास भारी संख्या में लोग इकट्ठा होने लगे जिससे जाम जैसी स्थिति उत्पन्न होने लगी। युवक लोगों के कौतूहल का विषय बना हुआ था। फिलहाल पुलिस ने युवक को हवालात में बंद कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक निर्भय नरायन सिंह ने कहा कि युवक के अजीबोगरीब प्रदर्शन के कारण भीड़ इकट्ठा हो रही थी जिससे शांति एंव यातायात व्यवस्था बाधित हो रही थी इसलिए उसे बंद किया गया है।
अवर अभियंता राम अचल ने कहा कि युवक के आरोप बेबुनियाद हैं। उस पर विद्युत विभाग की 29 हजार रुपये की बकायेदारी है। युवक द्वारा विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा था। इस संबंध में एसडीओ से बात कर युवक के खिलाफ कार्रवाई कराई जायेगी।


0 टिप्पणियाँ