गोण्डा - संदिग्ध परिस्थियों में बेड पर मिला विवाहिता का शव,जांच में जुटी पुलिस



परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप,भाई की तहरीर पर पति समेत सात पर केस,चार गिरफ्तार

गोण्डा। जिले के  वजीरगंज बाजार में मंगलवार देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में उसके बिस्तर पर उसका शव मिलने से पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुँची पुलिस के सामने मृतका के मायके वालों ने जमकर हंगामा किया।जिसे वजीरगंज पुलिस ने किसी तरह उन्हें न्याय और कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया । जिसके बाद पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिये मुख्यालय भेज दिया।
इस संबंध में मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत सास-ससुर,जेठ-जेठानी व दोनो ननदों समेत सात पर केस दर्ज कर आरोपी पति समेत चार को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक वजीरगंज थाने के ठीक सामने चाय और मिठाई की दुकान चलाने वाले जगदीश मोदनवाल की दुकान से करीब  चार सौ मीटर की दूरी पर स्थित उसके घर पर देर शाम करीब 09 बजे उनकी छोटी बहू आंचल मोदनवाल (26) पत्नी सुजीत मोदनवाल का शव उसके बिस्तर पर संदिग्ध हालात में मिला। सूचना मिलते ही सीओ उमेश्वर प्रभात सिंह और थानाध्यक्ष विपुल पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये । घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई, इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय गोंडा भेजा गया। इस दौरान वहाँ मृतका की माँ - बाप,भाई- बहन समेत मौजूद दर्जनो सगे संबंधियों ने जमकर हंगामा काटा तथा दहेज न मिलने पर आंचल की हत्या करने का आरोप लगाया। जिसे किसी तरह थानाध्यक्ष विपुल पाण्डेय और उनकी पुलिस टीम ने हालात को संभाला तथा मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुये आरोपी पति सुजीत, सास दुर्गेश, ससुर जगदीश और जेठ राकेश को गिरफ्तार कर लिया।
अपने दिये तहरीर में अयोध्या जनपद के  अमानीगंज निवासी अभिषेक मोदनवाल पुत्र संतोष ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बहन आंचल का विवाह 08 फरवरी 2019 को वजीरगंज बाजार निवासी सुजीत मोदनवाल पुत्र जगदीश के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही आंचल को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़ित के अनुसार, जब भी आंचल मायके आती थी, वह पति सुजीत, ससुर, सास दुर्गेश मोदनवाल, जेठ राकेश मोदनवाल, जेठानी, ननद कोमल और जूही द्वारा दहेज के लिए मारपीट और मानसिक उत्पीड़न की शिकायत करती थी। करीब एक वर्ष पूर्व वह अत्यधिक परेशान होकर मायके आ गई थी, लेकिन परिजनों के समझाने पर पुनः ससुराल चली गई थी।
मंगलवार रात मृतका के जेठ द्वारा फोन पर सूचना दी गई कि आंचल की मौत हो चुकी है। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
थानाध्यक्ष विपुल पाण्डेय ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति समेत कुल सात आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या सहित गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ