गोण्डा।स्थानीय श्री दयानन्द बाल विद्या मंदिर जूनियर हाई स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी ने पूरे परिसर को जिज्ञासा, नवाचार और आत्मविश्वास की ऊर्जा से भर दिया। नन्हे विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से यह सिद्ध कर दिया कि विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि समझ और प्रयोग से जीवंत होता है।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि डीएवी इंटर कॉलेज के विज्ञान शिक्षक शैलेंद्र सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। दोनों अतिथियों ने प्रत्येक स्टॉल पर रुककर बच्चों से संवाद किया और उनके आत्मविश्वास व प्रस्तुतीकरण की सराहना की।
कक्षा 8 के विद्यार्थियों ने किडनी की कार्यप्रणाली को कार्यशील मॉडल के जरिए समझाया और शरीर के आंतरिक तंत्र को सरल शब्दों में प्रस्तुत किया। ज्ञानेंद्रियों के मॉडल के माध्यम से बाहरी संवेदन प्रणाली को भी स्पष्ट किया गया। कक्षा 7 की छात्राओं ने बीज से पौधे बनने की संपूर्ण प्रक्रिया को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया। कक्षा 6 के छात्रों ने पृथ्वी और चंद्रमा के घूर्णन को मॉडल द्वारा समझाया, जबकि कक्षा 4 के बच्चों ने दिन-रात के परिवर्तन का सुंदर प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया।
डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का विकास करती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा नहीं, बल्कि समझ विकसित करना है।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामबाबू कसौधन, मंत्री विश्वनाथ केसरवानी, प्रबंधक संजय प्रजापति और सचिव अम्बरीश कसौधन ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम की सफलता में प्रधानाचार्य नेहा तिवारी, उपप्रधानाचार्य संध्या गुप्ता, रजनी प्रजापति, खुशी कसौधन, सभासद अंजू, जीनत बानो, ईदा कुरैशी, आशुतोष तिवारी, हेमंत प्रजापति, जफर, प्रीति मोदनवाल, मिथिलेश तिवारी, मानसी, नंदनी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और सैकड़ों अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


0 टिप्पणियाँ