गोण्डा - “नमस्ते गोंडा स्लोगन के साथ स्वर्णिम भविष्य सम्मेलन” का आयोजन

मौर्य समाज ने दिया समाजिक चिंतन व संवाद पर जोर
मनोज मौर्य 
गोंडा। रविवार को जिला मुख्यालय स्थित टाउनहाॅल में मौर्य बन्धुत्व क्लब (एमबीसी) गोंडा यूनिट द्वारा “नमस्ते गोंडा स्लोगन के साथ स्वर्णिम भविष्य सम्मेलन” का भव्य आयोजन  किया गया। 
जिसमें जनपद समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग व विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मौर्य बन्धुत्व क्लब लंबे समय से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में इस तरह के आयोजनों की रूपरेखा बनाकर समाज में वैचारिक संवाद और समन्वय को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। वर्तमान समय में दलीय राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के कारण समाज के कई महत्वपूर्ण और ज्वलंत मुद्दे हाशिए पर चले गए हैं, जिन पर चर्चा और बहस लगभग बंद हो गई है। ऐसे समय में “नमस्ते गोंडा” जैसे आयोजन सामाजिक चिंतन और मूल्यांकन के लिए एक सार्थक मंच प्रदान करते हैं।
वक्ताओं ने कहा कि आपसी बातचीत और परिचर्चा के माध्यम से ही मानव समाज ने धीरे-धीरे तरक्की की है। बर्बरता से निकलकर मानवीय गरिमा, सम्मान, मर्यादा, सभ्यता और संस्कृति जैसे मूल्यों को विकसित किया है। समाज में सौहार्द और सहयोग की भावना से ही नागरिक सम्मान, स्वाभिमान और सभ्यता के आदर्श स्थापित होते हैं।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, व्यवसायी, पत्रकार, साहित्यकार, अभियंता, प्रशासनिक अधिकारी, मोटिवेशनल स्पीकर, किसान, शिक्षाविद, वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ, कवि-शायर, गीतकार, लेखक, चिकित्सक, सामाजिक चिंतक, भाषाविद, महिलाएं तथा विद्यार्थी भी आमंत्रित किए गए। कार्यक्रम में समाज की वर्तमान दशा और दिशा पर गंभीर चर्चा के साथ-साथ समाज के समग्र विकास और उत्थान को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ