रिपोर्ट:- मनोज मौर्य
गोण्डा। जिले के कटरा बाजार क्षेत्र से भाजपा विधायक बावन सिंह पर एक व्यक्ति ने सत्ता के रसूख एवं दबंगई के बल पर उसकी जमीन पर अवैध कब्जा करने व उसपर जबरन निर्माण का आरोप लगाया है।
जिसको लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गये।इस मामले के चलते निर्माणाधीन दुकानों पर एक पक्ष द्वारा तोड़फोड़ करने के बाद मौके पर एएसपी,सीओ समेत भारी संख्या में पुलिस बल पहुँच गई। जिससे किसी अप्रत्याशित बड़े विवाद को रोका जा सके।
बताते हैं कि, गुरुवार को जिले के हलधरमऊ क्षेत्र के चौरी चौराहे पर स्थित जमीन पर कब्जेदारी को लेकर भाजपा विधायक व दूसरे पक्ष से विवाद हो गया।
कोतवाली कर्नलगंज के गद्दौपुर निवासी बृजेश सिंह ने बताया कि चौरी चौराहे पर उसकी जमीन है। गुरुवार को भाजपा विधायक बावन सिंह व उनके पुत्र वैभव सिंह ने अपने दर्जनो साथियों के साथ पहुंचकर उसपर जबरन निर्माण कराना शुरु कर दिया। जब उन्हें रोका गया तो इसपर विवाद शुरू हो गया। तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जमीन पर कब्जे व हंगामे की सूचना पाकर एएसपी महेंद्र कुमार कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुँच गए जिससे कोई बड़ी घटना नहीं घट पाई।
वहीं विधायक बावन सिंह का कहना है कि वह अपनी जमीन पर निर्माण करा रहे हैं।अवैध कब्जे की बात बेबुनियाद है।
एएसपी ने बताया कि अभी वह मौके पर पहुंचे हैं। मामले की जानकारी की जा रही है।पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।


0 टिप्पणियाँ