सरकारी योजनाओं से वंचित है सामाजिक उपेक्षा का शिकार नट समुदाय

इसके उत्थान हेतु जय हिंद परिषद के अगुवाई में मन्त्री को दिया ज्ञापन

रिपोर्ट:-उपेन्द्र सिंह, उत्तम

गोण्डा -एक ओर सरकार जहाँ  हर व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जी जान से लगी हुई वहीं उसकी योजनाओं के लाभ से आजादी से पूर्व से ही सामाजिक उपेक्षा के शिकार रहे नट समुदाय वंचित हैं। विडम्बना तो यह है कि,आजादी के बाद आज जब प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रयासों से उन्हें मताधिकार का अधिकार मिलने के बावजूद अन्य सरकारी सुविधाओं से वंचित हो अपने हालात से समझौता कर जिंदगी बिताने पर मजबूर हैं।
बताते चले कि विकास खण्ड वजीरगंज के ग्राम सभा करदा में वर्षों से रह रहे खानाबदोश  नट बिरादरी कहने को तो अनुसूचित जाति से हैं लेकिन उन्हें सामान्य जाति का दर्जा दिये जाने व क्षेत्रीय अधिकारियों की लापरवाही की वजह से वह अनेक तरह की सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं जिससे यह नट बिरादरी  उपेक्षित होकर अपनी किस्मत को कोसते हुए रह जाते हैं।

एक जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में रह रहे हजारों परिवारों को अनुसूचित जाति में शामिल करने व उन्हें उनके अधिकार दिलाने के लिए जय हिंद परिषद के अध्यक्ष पवन सिंह व अनिल सिंह के अगुवाई में एक ज्ञापन प्रदेश के परिवार समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री को सौंपा गया है। ज्ञापन में जय हिन्द परिषद द्वारा शासन से नट बिरादरी को अनुसूचित जाति में ना शामिल करके सामान्य जाति का प्रमाण पत्र दिये जाने को इनके सामाजिक विकास में बाधक बताते हुये इन्हें अनुसूचित जाति की तरह सभी योजनाओं को इस बिरादरी तक पहुँचाने की मांग के साथ नवाबगंज, मनकापुर, तरबगंज ब्लाक में रह रहे नट बिरादरी को वहाँ के स्थानीय प्रशासन द्वारा नट बिरादरी के अंतर्गत अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी किया जाता है,पर वजीरगंज में कार्यरत सेक्रेटरी और लेखपाल द्वारा इस बिरादरी को सामान्य जाति का प्रमाण पत्र देकर उनका भरपूर शोषण करते हैं ।ऐसे भ्रष्ट क्षेत्रीय अधिकारियों पर कार्रवाई के साथ नट बिरादरी को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र देकर उन्हें अन्य विकासखण्डों की तरह सरकारी योजनाओं के लाभ दिलाने की मांग की है।

कई बार दिये अधिकारियों को प्रार्थना पत्र नही हुई सुनवाई 

नट समुदाय के लोगों ने बताया जिला अधिकारी व एसडीएम को कई बार उन्होंने इस बावत प्रार्थना पत्र देकर उनसे उनके अधिकारों को दिलाने का निवेदन किया बावजूद इसके आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई तदुपरांत शुक्रवार को एक ज्ञापन कैबिनेट मंत्री को नट बिरादरी की समस्या को हल करने के लिए दिया है।

करदा गाँव के राम शेखर नट ने बताया कि लेखपाल, पंचायत अधिकारी व वीडियो के रिपोर्ट न लगाने के कारण  हम लोगों का आय, जाति प्रमाणपत्र नही बन पाता है, जिसके चलते उनके बच्चे स्कूली शिक्षा व सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं।उसने बताया कि, वह लोग अति गरीब भी है , उनके पास तो कृषि हेतु भूमि भी नही है जिससे वह लोग सम्मान से जीवन यापन कर लें। बहरहाल अब देखना यह है कि,प्रदेश के कैबिनेट मंत्री इनके लिये क्या कर पाते हैं।
ज्ञापन देने के दौरान जय हिंद परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल सिंह ,मदन कनौजिया ,संतोष कुमार सिंह, बृजेश तिवारी , दिलीप कुमार प्रधान, रामदास मौर्या महेंद्र द्विवेदी, राजा सिंह, प्रशांत कुमार ,नरेंद्र कुमार द्विवेदी अलावा  सैकड़ों लोग उपेक्षित नट बिरादरी के लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ