मनोज मौर्य
गोण्डा। सोमवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक उपेन्द्र कुमार अग्रवाल ने वजीरगंज थाने का आकस्मिक निरीक्षण कर थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये हैं।
इसी के साथ डीआईजी द्वारा थाना स्तर पर संचालित महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला आरक्षी से हेल्प डेस्क से सम्बन्धित कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की गयी एवं हेल्प डेस्क पर तैनात महिला आरक्षी के कार्यों से असंतुष्टता जाहिर की गयी। इस सम्बन्ध में महिला हेल्प डेस्क पर गुणवत्तापूर्ण कार्यो हेतु 24*7 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने साथ ही लिखित शिकायतों को कम्प्यूटर पर दर्ज करने की कार्यवाही की आख्या सम्बन्धित को प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया।
डी आई जी द्वारा थाने पर आने वाले पीड़ितों की तत्काल हरसंभव मदद करने के निर्देश दिये गये।उन्होंने थाना समाधान दिवस रजिस्टर का निरीक्षण करते हुये समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की आख्या को और अत्यधिक स्पष्ट एवं गुणवत्तापूर्वक करने हेतु प्रभारी को निर्देशित किया गया।
अपने निरिक्षण के दौरान डीआईजी उपेन्द्र कुमार अग्रवाल थाना मालखाना, बन्दीगृह, सीसीटीएनएस कार्यालय आदि का निरीक्षण किया एवं उससे सम्बन्धित पुलिस कर्मियों से जानकारी प्राप्त करते हुये सभी को अपने -अपने कार्यों के प्रति जिम्मेदार बनने के साथ अन्य आवश्यक निर्देश दिये ।उन्होंने महिला सम्बन्धित अपराधों की स्थिति की जानकारी लेते हुये थाना प्रभारी प्रबोध कुमार को महिला सम्बन्धी अपराधों में प्रत्येक दशा में त्वरित कार्यवाही करने, तथा क्षेत्र में प्रभावी पैदल गस्त व रात्रि गस्त करते हुये थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखने को कहा तथा थाना क्षेत्र के अपराधियों की निगरानी रखने एवं सक्रिय अपराधियों के खिलाफ आवश्यक एवं कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।


0 टिप्पणियाँ