नहीं मिली अल्टो कार तो नवविवाहिता को मार डाला,भाई ने लगाया आरोप

परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन तब पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मनोज मौर्य 

गोण्डा। जिले के मनकापुर में अल्टो कार नहीं मिलने पर एक नवविवाहिता को मार डाला गया। स्थानीय पुलिस ने तहरीर मिलने के बावजूद मामला दर्ज करने में आनाकानी करती रही।इस पर गुस्साये परिजनों ने मृतका के शव को कोतवाली के बाहर रखकर प्रदर्शन करने लगे तब जाकर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत किया।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेहटा हलबल के रहने वाले अभिषेक मिश्रा पुत्र हरिशंकर मिश्रा ने पुलिस को दिये अपने तहरीर में बताया कि,बीते आठ माह पूर्व 30/04/2021 को उसकी बहन संजू की शादी मनकापुर नगर के गायत्री नगर के निवासी धर्मेंद्र उर्फ सोनू पुत्र फूलचंद्र के साथ धूमधाम से की थी । बहन की शादी में सामर्थ्य के मुताबिक दान के तहत 3 लाख रूपये के सामान के

साथ 6 लाख रूपये नगद भी दिया था। बावजूद इसके शादी के बाद से ही पति धर्मेंद्र द्वारा उसकी बहन से अल्टो कार देने के लिये प्रताड़ित किया जाता रहा तथा न देने पर ससुरालियों द्वारा धर्मेंद्र की शादी कहीं और कर देने की धमकी दी जा रही थी और संजू को उनके द्वारा मारा-पीटा जा रहा था।जिसकी जानकारी मृतका संजू फोन के साथ जब वह मायके आती तो उन्हें बताती रही पर रिश्ते को बनाये रखने के लिये वह उसे समझा-बुझा कर भेज देते।
बीते 2 दिसम्बर को जीजा धर्मेंद्र ने शाम 5 बजे उसे फोन करके बोला कि,संजू को तबियत बहुत खराब है व उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। वह लोग आ जायें। सूचना पर जब वह अस्पताल पहुंचे तो उनकी बहन मृत मिली तथा उसके जीजा व अन्य द्वारा संजू की हत्या कर उसे अस्पताल में भर्ती करवा कर भाग गये थे।
बहरहाल पहले मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी करती करने वाली मनकापुर पुलिस ने परिजनों द्वारा प्रदर्शन करने के उपरांत उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पति धर्मेंद्र ,सास सुषमा ,ससुर फूलचंद ,जेठ शिव प्रकाश ,जेठानी ख़ुशबू के विरूद्ध दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर मृतका के शव को पोस्टमार्टम हेतु मुख्यालय भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक पीएम रिपोर्ट के आने के बाद आगे की अन्य सुसंगत विधिक कार्यवाही की जायेगी। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ