गोण्डा - खाद की कालाबाजारी पर सख्त हुई डीएम,की गई छापेमारी

पकड़े गये दो आरोपियों समेत तीन के विरुद्ध दर्ज होगी एफआईआर।
गोण्डा डेस्क 
गोण्डा। खाद की कालाबाजारी की भेंट चढ़ने से बचाने के लिए सख्त डीएम नेहा शर्मा के निर्देश पर  सिटी मजिस्ट्रेट विजय शर्मा, जिला कृषि अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, और सहायक निबंधक सहकारिता अशोक कुमार मौर्य की संयुक्त टीम ने खाद की कालाबाजारी के विरुद्ध की गई छापेमारी की कार्यवाही में,एक गोदाम के लिए भेजी गई खाद को दूसरे गोदाम पर उतार रहे दो लोगों को पकड़ने में बड़ी कामयाबी पाई है,जबकि वाहन चालक भागने में कामयाब रहा । जिसके बाद नगर कोतवाली में आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है।
सूचना मिली थी कि,पीसीएफ के बफर गोदाम से साधन सहकारी समिति लिमिटेड, लखनीपुर के लिए 14 एमटी (280 बोरी) इफको डीएपी चालान संख्या 99/4940 द्वारा वाहन संख्या यूपी 32 आरएन 4233 में लोड किया गया था। यह खाद निर्धारित समिति के गोदाम पर पहुंचाई जानी थी, लेकिन ड्राइवर ने इसे गोड़वाघाट बाजार स्थित आईआईएफडीसी कृषक सेवा केंद्र पर उतारने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इस संदिग्ध गतिविधि पर ध्यान देते हुए पूछताछ की, जिससे पता चला कि 11 बोरी डीएपी पहले ही उतारी जा चुकी थी, जबकि वाहन चालक मोनू बाकी बची डीएपी के साथ मौके से फरार हो गया।
जिस पर डीएम का निर्देश मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट विजय शर्मा, जिला कृषि अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, और सहायक निबंधक सहकारिता अशोक कुमार मौर्य तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आईआईएफडीसी केंद्र संचालक अमरेन्द्र कुमार तिवारी से गोदाम की चाबी मंगवाई और गोदाम की जांच की, जिसमें 11 बोरी इफको डीएपी बरामद हुई। बरामद खाद को पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
इस प्रकरण में ड्राइवर मोनू, केंद्र संचालक अमरेन्द्र कुमार तिवारी और पीसीएफ के परिवहन ठेकेदार की मिलीभगत से खाद की कालाबाजारी की साजिश का संदेह जताया गया। इसके चलते नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। सहायक आयुक्त सहकारिता अशोक कुमार मौर्य ने बताया कि इस मामले की एक विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को भी प्रेषित की गई है।

जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने स्पष्ट किया कि खाद की जमाखोरी और कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई का आदेश देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर कठोरतम दंड दिया जाएगा। डीएम ने अधिकारियों को लगातार निरीक्षण, जांच और छापेमारी करने के निर्देश दिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि खाद सही तरीके से किसानों तक पहुंचे और कालाबाजारी पर लगाम लगाई जा सके।
इसी के साथ 
डीएम नेहा शर्मा ने कहा कि, किसी भी स्थिति में किसानों के लिए खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी। कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई अनवरत जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ