गोण्डा डेस्क
गोण्डा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत हुजूरपुर रोड पर टिकौली गाँव के पास शुक्रवार की देर रत एक बेकाबू डीसीएम आकर बाईक सवार युवकों को रौंद दिया,जिससे एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई तथा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिये मुख्यालय रेफर किया गया। जहाँ शनिवार को इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस हृदय विदारक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक कटरा बाजार क्षेत्र के बैरमपुर निवासी सूरज गुप्ता (25) पुत्र विजय कुमार व करनैलगंज के टिकवार निवासी रोहित (24) पुत्र मनीराम शुक्रवार की रात करीब 09 बजे के करीब बाईक पर सवार होकर करनैलगंज बाजार से खरीदारी कर अपने घर वापस लौट रहे थे। तभी बरखंडी नाथ मोड़ के आगे टिकौली गांव के पास हुजूरपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बेकाबू डीसीएम की चपेट में आकर बाइक सवार सूरज की मौके पर ही मौत हो गई,वहीं पीछे बैठा रोहित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा तड़पने लगा । इसी बीच पुलिस टीम के साथ गस्त पर निकले करनैलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने घायल रोहित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया जहां मौजूद डॉक्टर ने घायल को प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान शनिवार को रोहित ने भी दम तोड़ दिया। एक साथ परिवार में दो लोगों की मौत होने से परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चौदह दिन बाद सूरज की होनी थी शादी, खुशियाँ मातम में बदलीं।
बताया जाता है कि दुर्घटना में मृतक सूरज गुप्ता की चौदह दिन बाद शादी होने वाली थी। उसकी 17 नवम्बर को तिलक व 22 नवंबर को शादी तय थी,जिसकी तैयारियों में वह लगा था। शुक्रवार की शाम को सूरज अपने होने वाले साले रोहित के साथ करनैलगंज बाजार गया था। जहाँ से वापस लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने बताया कि दोनों मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं डीसीएम को कब्जे में लेकर चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ