गोण्डा डेस्क
गोण्डा। जिले के छपिया थानाक्षेत्र अंतर्गत मिट्टी लदी अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को रौंद डाला,जिससे एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये । तीनो छठपूजा मेला देखने छपिया मंदिर जा रहे थे उस समय हुआ यह हादसा। हादसे की जानकारी होते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई और इसकी जानकारी छपिया पुलिस को जानकारी दी। जिससे मौके पर पहुँची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया तथा घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया पहुंचाया गया जहां उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कालेज अयोध्या रेफर कर दिया गया। यह हादसा मसकनवा पुलिस चौकी से चंद कदम दूरी पर हुई है। वहीं हादसे के बाद परिवार में छठ पूजा की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं और परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक छपिया थाना क्षेत्र के मसकनवा रानीजोत निवासी बिंद्रा प्रसाद कौशल का परिवार शुक्रवार की सुबह छठ पूजा के लिए छपिया स्थित स्वामी नारायण मंदिर गया था। परिवार के साथ गणेश कौशल पुत्र बिंद्रा प्रसाद कौशल (17) अपने साथी शिवाजी गुप्ता पुत्र श्याम बाबू गुप्ता (15) व वशिष्ट गुप्ता पुत्र वासुदेव गुप्ता (17) भी थे। तीनों किशोर एक ही बाइक पर सवार थे। वह मसकनवा बभनान मार्ग पर भवाजीतपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे कि, सामने से आ रही मिट्टी लदी एक ट्रैक्टर ट्राली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों किशोर बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में शिवाजी गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि गणेश व वशिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। डाक्टरों के मुताबिक वशिष्ट की हालत नाजुक बनी हुई है। इस हृदयविदारक घटना ने केवल मृतक के परिजन ही नहीं बल्कि पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का इलाज अयोध्या में जारी है। ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ