गोण्डा - गोवंश संरक्षण में लापरवाही पर डीएम सख्त


विशेष अभियान में लापरवाही  मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को कड़ी फटकार
गोण्डा डेस्क 
गोण्डा। जनपद में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण के लिए संचालित विशेष अभियान में लापरवाही पर सख्त तेवर अपनाते हुये डीएम नेहा शर्मा ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ठाकुर जी पाण्डेय को कड़ी फटकार लगाई है। उन्होंने निर्देश दिया है कि,नगर क्षेत्र, प्रमुख बाजारों और मुख्य मार्गों के किनारे भटक रहे निराश्रित गोवंशों को शीघ्रता से गो-आश्रय स्थल में पहुँचाकर उन्हें संरक्षित किया जाए। डीएम ने कहा कि,जब तक नगर क्षेत्र, प्रमुख बाजारों और मुख्य मार्गों के किनारे भटक रहे शत प्रतिशत गोवंशों का गो-आश्रय स्थलों पर संरक्षण सुनिश्चित नहीं किया जाता है, तब तक यह अभियान नहीं रुकेगा। इसके बाद, इस कार्य के लिए उत्तरदायी अधिकारियों का वेतन जारी करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गोवंशों की सुरक्षा और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विशेष अभियान में खानापूर्ति पर भड़कीं

डीएम नेहा शर्मा के आदेश के क्रम में निराश्रित गोवंशों को गो-आश्रय स्थलों पर सुरक्षित रखने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान पर बीते 09 नवम्बर को एक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसमें, इस तिथि पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में केवल 10-10 गोवंशों को संरक्षित किए जाने का जिक्र किया गया था। इसके अलावा, अभियान के दौरान अब तक केवल 67 गोवंशों को संरक्षित किए जाने की जानकारी दी गई थी,जिस पर भड़कते हुये डीएम ने चेतावनी दी है।

कागज में नहीं, फील्ड में जाकर चलायें अभियान

डीएम ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ठाकुर जी पाण्डेय को निर्देशित किया है कि, वे इस कार्य में व्यक्तिगत रुचि लेकर अधिशासी अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों का सक्रिय सहयोग प्राप्त करें और स्वयं भी फील्ड में जाकर टीमों का मार्गदर्शन करें। डीएम ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विकास खंड अथवा नगर निकाय में किसी जिम्मेदार अधिकारी से सहयोग प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है, तो इसकी जानकारी जिलाधिकारी या मुख्य विकास अधिकारी को दी जाए। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ