गोण्डा - कानून व्यवस्था बनाये रखने के साथ सड़कें अतिक्रमण मुक्त बनाये पुलिस - डीआईजी

वजीरगंज थाने के अपने निरीक्षण में साफ-सफाई पर जताई प्रसन्नता, पुलिस को दिये आवश्यक निर्देश
गोण्डा डेस्क 
गोण्डा। शुक्रवार को देवीपाटन मण्डल परिक्षेत्र के नवागत पुलिस उपमहानिरीक्षक अमित पाठक ने जनपद के वजीरगंज थाने का औचक निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष अभय सिंह समेत अन्य पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुये थाना क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था कायम रखने के लिये नियमित पैदल गस्त करने,कस्बे की सड़कों को अतिक्रमणमुक्त कर यातायात को जाम से मुक्त रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
इस दौरान डीआईजी ने थानाध्यक्ष को शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के लिये विशेष निर्देश दिये।
अपने निरिक्षण के दौरान डीआईजी अमित पाठक ने थाने का कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, शौचालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर अपराध हेल्प डेस्क,साइबर थाना आदि का निरीक्षण किया। डीआईजी ने वजीरगंज थाना परिसर की साफ-सफाई पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निरन्तर साफ सफाई रखने की बात कही गई। निरीक्षण के बाद डीआईजी अमित पाठक ने मुख्यालय पहुँच कर ,शहर के विभिन्न मार्गों,बाजारों व क्षेत्रों में भ्रमण कर शहर के मार्गों को अतिक्रमणमुक्त किये जाने के संबंध में दिए गए अपने निर्देश के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया तथा मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने हेतु संबंधित को दिशा निर्देश दिए गए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ