मनोज मौर्य
गोण्डा। नगर क्षेत्र में अपराधों पर पूरी तरह से लगाम लगाने के साथ अपराधियों पर कड़ी व प्रभावी कार्रवाई और मित्र पुलिसिंग के तहत फरियादियों से सम्मान जनक व्यवहार ही उनकी पहली प्राथमिकता होगी। यह बातें नवागत नगर कोतवाल संतोष कुमार मिश्रा ने एक संक्षिप्त भेंटवार्ता के दौरान कही। नगर कोतवाल ने कहा कि, उच्चाधिकारियों व शासन का निर्देश उनके लिये सर्वोपरि होगा व - किसी भी परिस्थिति में इनका पालन सुनिश्चित कराया जायेगा।
उन्होंने कहा कि, नगर क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये नगर क्षेत्र की जितनी भी पुलिस चौकियां हैं। उनके प्रभारियों के साथ वे बैठक करेंगे तथा उनके इलाकों में जितने भी अपराधिक प्रवृत्ति के लोग हैं उनका चिंहान्कन कर उनकी सूची तैयार कराने के साथ उन पर कार्रवाई कराई जायेगी। जिससे नगर क्षेत्र शांत व सुरक्षित रह सके। इसके साथ-साथ उन्होंने यह भी कहा कि, किसी भी फरियादी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जायेगा।
लेकिन किसी को परेशान करने के उद्देश्य से झूठी फरियाद लेकर आने वाले लोगों पर नगर पुलिस कड़ी कार्रवाई भी करेगी, जिससे कोई गलत व्यक्ति किसी को परेशान न कर सके। नगर कोतवाल ने नगर क्षेत्र में अवैध बूचड़खाने संचालित करने वालों को चेताया कि, उनके रहते यह नहीं चल पायेगा, समय रहते ऐसे लोग इस धंधे से हट जायें नहीं तो पुलिस ऐसे तत्वों को सुधारना जानती है। नवागत कोतवाल ने कहा कि, अपराध व अपराधियों से मुक्त नगर क्षेत्र में एक आदर्श पुलिसिंग स्थापित करने का वे प्रयास करेंगे जो जिले ही नहीं बल्कि प्रदेश में आदर्श कही जा सके। उन्होंने कहा कि, भूमि विवाद कई बार बड़ी अपराधिक घटनाओं का कारण बनते हैं जिनके निस्तारण हेतु राजस्व अधिकारियों के साथ बैठक कर ऐसे मामलों के निस्तारण में एक प्रभावी टीम बनायेंगे जिससे ऐसे विवादों का शांतिपूर्ण तरीके से हल किया जा सके। इसी के साथ-साथ सड़कों चौराहों पर अवैध रूप से टैक्सी स्टैंड बनाकर उस पर वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति पैदा करने वालों पर भी प्रभावी कार्यवाही की जायेगी। शांत, सुरक्षित व तनाव मुक्त नगर क्षेत्र बनाने के लिये वह हर संभव प्रयास करेंगे।
हालांकि, पूर्व में मनकापुर में उन्होंने अपने कार्यों से प्रभाव छोड़ा है।जिसके चलते ही उन्हें पुलिस कप्तान विनीत जायसवाल ने शहर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। लेकिन यहाँ चुनौतियाँ आसान नहीं है।सबसे पहले तो लगभग तीन वर्ष पूर्व शहर के इमिलिया गुरुदयाल में हुये हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरिफ्तारी के साथ अभी हाल ही में गाँधी पार्क के पास फायरिंग करने के आरोपियों की गिरिफ्तारी बड़ी चुनौती हो सकती है। बहरहाल,अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी,पर नवागत कोतवाल के तेवरों से तो यह जरूर लग रहा है कि,वह बेहतर प्रदर्शन करने को पूरी तरह तैयार हैं।


0 टिप्पणियाँ