गोण्डा - गजब,शिकायतकर्ता को ही नगर पालिका ने थमा दिया नोटिस

गोण्डा डेस्क 
गोण्डा।भूमि पर अवैध कब्जे व रास्ता रोककर बाधित करने की शिकायत करने वाले को ही नगर पालिका ने नोटिस थमा दिया।मामला नगर क्षेत्र के गाड़ी बाजार मोहल्ले के पश्चिमी क्षेत्र का है।जहाँ नजूल की भूमि पर अवैध कब्जे और रास्ता बाधित करने की शिकायत मोहल्ले की ही रहने वाली खुशबू बानो पुत्री साकिर अली ने जिलाधिकारी व उपजिलाधिकारी और कोतवाली की थी।जिसमें कहा गया था कि,मोहल्ले में कुछ लोग अवैध रूप से सरकारी जमीन पर कब्जा कर उनके घर का रास्ता अवरुद्ध कर रहे हैं। शिकायत के बाद तहसील प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए मौके पर जांच कर निर्माण कार्य रुकवा दिया। हालांकि हैरान करने वाली बात यह है कि नगर पालिका परिषद ने कार्रवाई के नाम पर शिकायतकर्ता के ही पिता शाकिर अली को नोटिस थमा दिया। नगर पालिका परिषद द्वारा जारी नोटिस में साकिर पर आरोप लगाया गया है कि, उन्होंने गाड़ी बाजार पश्चिमी में सार्वजनिक रास्ते पर अवैध रूप से भवन निर्माण किया है,जिससे नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। नोटिस में उन्हें तीन दिन के भीतर निर्माण कार्य बंद करने, मानचित्र स्वीकृत कराने और भूमि के मालिकाना हक के दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि इसका पालन नहीं किया गया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका की कार्रवाई के बजाय उल्टा शिकायतकर्ता को ही नोटिस पर, खुशबू बानो ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि, वह खुद नजूल भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर प्रशासन के पास गई थीं,लेकिन नगर पालिका ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनके ही परिवार को नोटिस जारी कर दिया। वहीं स्थानीय लोगों में  शिकायतकर्ता को ही नोटिस थमाने से  नगरपालिका के प्रति नाराजगी है। 
उनका कहना है कि प्रशासन को दोषियों के खिलाफ निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। शिकायतकर्ता के परिवार को नोटिस जारी करना न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि यह अवैध कब्जाधारियों को संरक्षण देने जैसा है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ