गोण्डा। सरकार किसानों की आय दूनी करने के लिए कृतसंकल्प है इसमें आड़े आने वाले अधिकारियों या अन्य को किसी भी कीमत पर बख्सा नही जाएगा। यह बात स्थानीय ब्लॉक परिसर में आयोजित किसान मेले को संबोधित करते हुए समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने कही । उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना में अब तक जिन किसानों को लाभ नहीं मिला वे औपचारिकता पूरी करें।अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे वंचित किसानों को किसान सम्मान दिलाना सुनिश्चित करें। कैबिनेट मंत्री ने अन्य सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचने में आड़े आने वालों को चेतावनी भी दी। इसके पहले मंत्री के ब्लॉक पहुँचने पर पूर्व राज्यमंत्री रामबहादुर सिंह की अगुवाई में स्वागत किया गया।मंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागो द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया।महिला एवं बालविकास विभाग ने स्वनिर्मित पोषण पकवान का प्रदर्शन किया जिसकी मंत्री ने तारीफ की।मेले में अवसर महिला स्वयं सहायता समूह को कृषि विभाग की ओर से ट्रैक्टर दिया गया ,वहीं अन्य समूहों को अनुदानित वस्तुएं व अनुदान दिया गया। कार्यक्रम को उप निदेशक कृषि मुकुल तिवारी बीडीओ शेरबहादुर सिंह,प्रमुख प्रतिनिधि पंकज सिंह आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों समेत सांसद प्रतिनिधि कमलेश पांडेय, सत्यदेव मिश्र,स्वतंत्र सिंह,पवन सिंह आदि मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ