हत्यारे अशोक का साथी पुलिस के हत्थे चढ़ा

तीन दिन पूर्व प्रेमिका समेत तीन को मौत के घाट उतारने में मुख्य आरोपी का दिया था साथ
मनोज मौर्य 
गोण्डा। बीते 24 नवम्बर को कोतवाली नगर क्षेत्र के शिवनगर, इमलिया गुरूदयाल में प्रेमिका समेत एक ही परिवार के तीन लोगो की हत्या की घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी अशोक का साथ देने वाला एक अन्य आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। 
पुलिस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने पत्रकारों को जानकारी देते हुये बताया कि,इस घटना के खुलासे हेतु पुलिस की 12 टीमें गठित कर भिन्न-भिन्न जनपदों के लिए रवाना की गयी थीं तथा डॉग स्क्वॉड व फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल की सूक्ष्मता से जांच व साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गयी थी। जिसमें एक सफलता हाथ आई।उन्होंने बताया कि, महाराज गंज जनपद के निचलौल थाना अन्तर्गत रूदौली गाँव का रहने वाला  शत्रुघन पुत्र मुक्तिनाथ वह भी रेलवे में गैंगमैन है तथा हत्यारे अशोक का दोस्त है।उसने पूछताछ में जानकारी दी कि, अशोक कुमार जिस लड़की की हत्या किया है वह उस लड़की से बहुत प्यार करता था तथा शादी करना चाहता था,लेकिन लड़की व उसके परिवार वालों ने उसके साथ  शादी करने से मना कर दिया था।जिससे वह काफी परेशान रहता था तथा उसने मुझसे लड़की व उसके पूरे परिवार की हत्या करने की बात बतायी थी जिसकी प्लानिंग वह काफी दिनों से कर रहा था। विगत 15 दिनों से उसने बैंक से काफी रूपये भी निकाले थे। जिसका प्रयोग घटना से पूर्व में  किया था व बाद में भी करने वाला था। शत्रुघ्न के मुताबिक  उसके कहने पर उसके साथ जाकर घटना में प्रयुक्त ऑनलाईन/ऑफलाईन सामानों को खरीदने में उसकी मदद की थी। उसने घटना कारित करने से पूर्व एक नया सिम लिया था इसकी उसे जानकारी होने के साथ पूर्व से ही घटना की जानकारी उसे थी। 
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि, मुख्य आरोपी  अशोक  की गिरफ्तारी हेतु एस0ओ0जी0 व अन्य पुलिस टीमों द्वारा उसके मिलने वाले सम्भावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है तथा कई अन्य टीमें भिन्न-भिन्न प्रान्त/जनपदों में भी दबिश दे रहीं है। जल्दी ही वह भी पुलिस के हत्थे होगा।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ,कोतवाल पंकज सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ