कैसे सफल हो पायेगी एकमुश्त समाधान योजना,जब शासन से ही हैं रोड़े
मनोज मौर्य
गोण्डा।"बिजली बिल के बकायेदारों के दरवाजे पर ठक..ठक,कौन ? मै बिजली विभाग का अधिकारी हूँ,प्रार्थना करने आया हूँ कि,आप बिजली का बिल जमा कर दीजिये मेहरबानी होगी"। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अधिकारियों को सरकार का निर्देश है कि,विद्युत बकायेदारों से सख्ती न करें, उनसे बिल जमा करने के लिये प्रार्थना करें।अब सवाल यह है कि,जब सख्ती पर उपभोक्ता बिल जमा ही नहीं करते तो हाथ जोड़ने से कैसे जमा करेंगे? इस स्थिति में विभाग द्वारा इस समय लाई गई ब्याज मुक्त एकमुश्त समाधान योजना का भविष्य अंधकारमय तो है ही वहीं इसका खामियाजा विभाग के छोटे अधिकारी व कर्मचारी कार्यवाही का सामना करते हुये भुगतने को मजबूर हैं।
बताते चलें कि,इस समय चुनावी बाजार गर्म है।जिसमें विभिन्न राजनैतिक दल अपने - अपने लुभावने वादे की सूची के साथ बाजार में उपलब्ध हैं। जिसमें किसी दल द्वारा समस्त बिल माफी का वादा है तो किसी का माफी के साथ मुफ्त बिजली का इसी के साथ सरकार द्वारा विभाग को बकायेदारों पर सख्ती न करने के निर्देश हैं। जिसके चलते विद्युत बकायेदार वेट एण्ड वाच की स्थित में हैं। यही वह कारण जिसके चलते एकमुश्त समाधान योजना असफल साबित हो रही है।वहीं इसके सफलता के साथ क्रियान्वयन न होने पर जेई व अन्य कर्मियों को निलंबन जैसी विभागीय कार्यवाही का सामना करना पड़ रहा है।जिसके चलते वे भी हताश हैं। जो वसूली के लिये सख्ती करें तो कार्यवाही और लक्ष्य न हासिल करें तो उस भी कार्यवाही।नाम न छापने की शर्त पर एक कर्मचारी ने बताया कि,परिस्थिति ऐसी हो गई है कि,काम करना मुश्किल हो रहा है।बहरहाल अब स्थित ऐसी है कि,सरकार द्वारा एक ओर आगे बढ़ने से रोका जा रहा है वहीं लक्ष्य के लिये दबाव भी बनाया जा रहा है।जो किसी भी हाल में लाभप्रद नहीं है।
1 लाख 20 हजार बकायेदारों में मात्र 31 सौ ने पंजीकरण कराया- रनवीर सिंह
अधिशाशी अभियंता खण्ड-2 रनवीर सिंह ने बताया कि,45 दिनों से चल रही एकमुश्त समाधान योजना में 120000 बकायेदारों के सापेक्ष मात्र 3100 ने अब तक पंजीकरण कराया है,जो कि,बहुत ही दयनीय है।उन्होंने बताया कि,वे और उनकी टीम इस समय बकायेदारों के घर-घर पहुँच कर उनसे हाथ जोड़ कर प्रार्थना कर रहे हैं कि,वे सभी इस एकमुश्त समाधान योजना का लाभ उठाते हुये बिल जमा करें। अधिशाशी अभियंता ने कहा कि,उनके द्वारा सभी सम्मानित उपभोक्ताओं से अपील की जा रही है कि, अधिक से अधिक उपभोक्ता एकमुश्त समाधान योजना का लाभ प्राप्त करने के साथ बिजली का बकाया जमा कर दें। जो उनके साथ विभाग के लिये भी फायदेमंद साबित हो सकेगा।


0 टिप्पणियाँ