मनोज मौर्य
गोण्डा।बुधवार को डी आई जी उपेन्द्र कुमार अग्रवाल ने कोतवाली कर्नलगंज का आकस्मिक निरीक्षण कर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये हैं।अपने निरिक्षण के दौरान डीआईजी द्वारा थाना स्तर पर संचालित महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला आरक्षी से हेल्प डेस्क से सम्बन्धित कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की एवं हेल्प डेस्क पर तैनात महिला आरक्षी के कार्यों पर नाराजगी भी जाहिर की। डीआईजी ने महिला हेल्प डेस्क पर गुणवत्तापूर्ण कार्यो हेतु 24*7 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने साथ ही हेल्प डेस्क पर प्राप्त शिकायतों को कम्प्यूटर पर दर्ज करने एवं प्रकरणों में कृत कार्यवाही की आख्या का रिकार्ड सुरक्षित रखने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया। उन्होंने थाना समाधान दिवस रजिस्टर में माह अक्टूबर के प्रार्थना पत्रों का निस्तारण ना होने पर नाखुशी जाहिर की।उन्होंने समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की आख्या को और अत्यधिक स्पष्ट एवं गुणवत्तापूर्वक करने हेतु प्रभारी को निर्देशित किया । इसी क्रम में डीआईजी उपेन्द्र कुमार अग्रवाल द्वारा थाना मालखाना, बन्दीगृह, सीसीटीएनएस कार्यालय आदि का निरीक्षण किया गया एवं सम्बन्धित पुलिसकर्मियों से जानकारी प्राप्त करते हुये सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये ।उनके द्वारा थाना परिसर में जर्जर एवं निष्प्रयोज्य भवनों के सम्बन्ध में सम्बन्धित को पत्राचार किये जाने हेतु निर्देशित किया गया । थाना परिसर के सोलर सिस्टम व सीसीटीवी कैमरों को सही कराये जाने के निर्देश दिये गये । महिला सम्बन्धित अपराधों की स्थिति की जानकारी लेते हुये थाना प्रभारी को महिला सम्बन्धी अपराधों में प्रत्येक दशा में त्वरित कार्यवाही करने, तथा क्षेत्र में प्रभावी पैदल गस्त व रात्रि गस्त करते हुये थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखने के निर्देश दिये गये तथा थाना क्षेत्र के अपराधियों की निगरानी रखने एवं सक्रिय अपराधियों के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया


0 टिप्पणियाँ