गोण्डा - त्योहारों पर सज गईं नकली मावे और और देशी घी से तैयार जहरीली मिठाइयाँ

कार्यवाहियों के बावजूद, शहर मुख्यालय समेत पूरा जनपद मानकविहीन कनपुरिया मिठाइयों से पटा

गोण्डा। दीवाली का त्योहार आते ही शहर मुख्यालय समेत पूरे जनपद में नकली मावे व घी से निर्मित जहरीली मिठाईयों से दुकाने सज गई हैं। ये रंग-बिरंगी मनमोहक विभिन्न प्रकार की मिठाईयाँ लोगों के स्वास्थ्य को आघात देने के लिये पूरी तरह तैयार हैं।हालांकि खाद्य सुरक्षा टीम के ताबड़तोड़ कार्यवाहियों के बावजूद इन मानकविहीन कनपुरिया व लोकल मिठाईयों से बाजार अटे पड़े हैं। मिष्ठान,होटल कारोबारी त्योहारी सीजन में  कम लागत में बड़ा मुनाफा कमाने के चक्कर में नकली खोया और नकली घी से बनी मिठाईयों को बड़े पैमाने पर बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा बाजार में नकली पनीर की भी बड़े पैमाने पर बिक्री की जा रही है। जिससे  क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य से खुलेआम खिलवाड़ तो हो ही रहा है ,इससे आमजनमानस के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा भी पैदा हो गया है। हालांकि,खाद्य सुरक्षा टीमें अपने उच्चाधिकारियों के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी व नमूना भरने की कार्यवाहियाँ कर रही हैं।बावजूद इसके इन पर लगाम नहीं लग पा रहे हैं।
गोंडा शहर, कर्नलगंज, कटरा बाजार, बालपुर,परसपुर,भंभुआ, पहाड़ापुर, मनकापुर, खरगूपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में नकली घी,नकली मावा से मिठाईयां बनाई जा रही हैं,जिसे दीपावली के त्योहार पर बिक्री कर मोटा मुनाफा कमाने की तैयारी मिलावटखोरों ने कर ली हैं। मुनाफाखोर मोटा मुनाफा कमाने की एवज में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड कर रहे हैं। इन जहरीली व मिलावटी मिठाईयां खाने से लोगों में पेट,लीवर व हार्ट जैसी बीमारियां होने की प्रबल संभावनायें है।बावजूद इन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
लोगों की माने तो खाद्य विभाग की मिलीभगत से स्थानीय बाजारों में नकली पनीर,घी और खोये की बिक्री की जा रही है,तथा विभागीय मिलीभगत से मिलावटखोरों पर कभी कभार दिखाने के लिए छापेमारी कर खानापूर्ति कर ली जाती है।

इस संबंध में जब वार्ता करने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी से  संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि,लगातार कार्यवाही की जा रही है तथा नमूने भी भरे जा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ