मनोज मौर्य
गोण्डा। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में अलग-अलग हुये सड़क हादसों में एक किशोर समेत दो की मौत हो गई । मृतक किशोर का आज ही था जन्मदिन,गुरुवार बनी काल,निगल गई जिंदगी।वहीं दोनो के मौत की सूचना मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया।
पहला हादसा थाना क्षेत्र के लौव्वाबीरपुर गांव के मजरे नई बस्ती निवासी विशाल (17) पुत्र सरजू प्रसाद का बुधवार को जन्मदिन था। वह क्षेत्र के नगवा गांव में बाबा ज्ञानदास पुरवा स्थित अपने ननिहाल गया था। रात में करीब 11:30 बजे वहां से बाइक से वह घर वापस लौट रहा था। इस दौरान कटी तिराहे पर उसे अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे स्थानीय सीएचसी लेकर गये जहां चिकित्सक ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। जिसके बाद परिजन किशोर को कस्बे एक निजी अस्पताल में ले गये जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जन्मदिन के दिन ही विशाल की मौत की सूचना मिलते ही घर परिवार में कोहराम मच गया।युवक की मां कुसुमा को क्या पता था कि जिस बेटे का वह जन्मदिन मना रही है उसका आज आखिरी दिन है। बेटे की मौत के बाद मां बदहवास है। मृतक के पिता सूरत में मजदूरी करते हैं। मृतक कस्बे में एक किराने की दुकान पर नौकरी करता था। उससे छोटी दो बहनें गुडिया (15),प्रिया (12)और एक छोटा भाई शनी (09) वर्ष का है।
वहीं दूसरी हादसा थाना क्षेत्र के पर्वती गांव के उत्तर गंगा पुल के पास का है। जहाँ अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, हरिवंशपुर गांव के रमई पुरवा मजरे का रहने वाला युवक श्याम लाल चौहान (35)पुत्र कोमल चौहान ट्रैक्टर चालक था। मंगलवार की देर शाम वह मोफिया गांव से बाइक से घर वापस लौट रहा था कि रास्ते में उत्तर गंगा पुल के पास उसे किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन बाइक से उसे लेकर स्थानीय सीएचसी पंहुचे, जहाँ चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलने ही मृतक की पत्नी अनीता बेहोश हो गई। मृतक की तीन संतानों में सबसे बड़ा बेटा कलदेव (14),कल्लू (12) और 08 वर्षीय पुत्री शिवानी है।
दोनों दुर्घटनाओं के संबंध में प्रभारी निरीक्षक निर्भय नरायन सिंह ने कहा कि दोनों दुर्घटनाओं में मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।


0 टिप्पणियाँ