गोण्डा डेस्क
गोण्डा। जिले के नवाबगंज कस्बे के बाजपुरवा मोहल्ले में स्थित स्टार लाइट बुकेम डिस्टलरी में टैंक संख्या 13 से गायब हुये 2.72 करोड़ 86 हजार 568 रुपये मूल्य की 27 हजार 6 सौ 10 लीटर ग्रेन ईएनए के मामले में बीते शुक्रवार को एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय व तरबगंज क्षेत्राधिकारी विनय कुमार सिंह ने नवाबगंज स्थित इस डिस्टलरी की जाँच-पड़ताल की।इस दौरान उन्होंने स्थानीय पुलिस और फारेंसिक टीमों को जल्द ही इसके खुलासे के निर्देश दिये।
बीते गुरुवार को इस संबंध में आसवानी के मालिक सहित 6 लोगों के विरुद्ध नवाबगंज थाने में मुकदमा पंजीकृत हुआ था।जिसके बाद एडिशनल एसपी पश्चमी और क्षेत्राधिकारी पुलिस बलों के साथ वहाँ पंहुचे थे। दोनों अधिकारियों ने गोदाम और संबधित साक्ष्यों की जांच कर कर्मियों से पूछताछ की। उसके बाद टैंक संख्या 13 को सील कर दिया गया है । प्रभारी निरीक्षक निर्भय नरायन सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार गोदाम और टैंक की जांच फरेंसिक टीम से कराई जाएगी। फरेंसिक टीम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम के तहत् आसवानी में संग्रहीत किसी भी स्प्रिट की चोरी होने,आग लगने व किसी अन्य प्रकार से क्षति होने पर सरकार उत्तरदाई नहीं है।
डिस्टलरी के सहायक आबकारी आयुक्त का आरोप है कि निरीक्षण के दौरान ईएनए का बहाव तेज नहीं था।इतनी भारी मात्रा में स्प्रिट का बह जाना और किसी भी कर्मचारी को पता न लगना यह लगभग असंभव है। आसवानी के अधिकारी और कर्मचारियों ने मिल कर चोरी की है या करवाई गई है।
पौने तीन करोड़ रुपए के राजस्व की क्षति होने के बाद स्थानीय पुलिस काफी सक्रिय है। बहरहाल मामले का खुलासा होने पर आरोपियों के साथ-साथ आबकारी विभाग और डिस्टलरी के अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों की गर्दने इसमें फंस सकती है।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि स्टार लाइट बुकेम के अधिकारियों से 04 दिनों से आसवानी, गोदाम आदि से संबंधित अभिलेख मांगे जा रहे हैं लेकिन आसवानी की तरफ से उदासीनता दिखाई जा रही है। ऐसे में साक्ष्यों और अभिलेखों से छेड़छाड़ संभव है। सूत्रों की मानें तो विगत चार वर्षों में आसवानी में बनने वाली शराब की गुणवत्ता संबधी किसी भी जांच की कोई जानकारी नहीं है।
इतने बड़े मामले में आसवानी के मालिक, प्रतिनिधि और अधिकारियों द्वारा की जा रही हीलाहवाली और जांच में पुलिस का सहयोग ना करना किसी बड़े घपले की तरफ इशारा कर रहा है।वहीं इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया इसकी जाँच व खुलासे के निर्देश नवाबगंज पुलिस को दिये गये हैं।जल्दी ही पुलिस इसमें दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी।


0 टिप्पणियाँ