गोण्डा - अव्यवस्था की शिकायत पर बीएसए ने प्रधानाध्यापिका को किया निलंबित

सोशल मीडिया के जरिये डीएम को मिली थी कम्पोजिट विद्यालय पकड़ी मारुडीह की शिकायत,जिसके बाद जाँच कर कार्रवाई के दिये थे निर्देश
गोण्डा डेस्क 
गोण्डा। जिले के इटियाथोक शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय पकड़ी मारुडीह में अव्यवस्था की शिकायत पर हुई जाँच के बाद जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश पर बीएसए ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया। जिसके बाद उन्हें ब्लॉक संसाधन केंद्र, रुपईडीह से संबद्ध कर दिया गया है।इसी के साथ साथ ही जिला समन्वयक निर्माण को चेतावनी जारी की गई है।  
जिलाधिकारी को सोशल मीडिया के माध्यम से इस विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्था की शिकायत प्राप्त हुई थी। जिसको गंभीरता से लेते हुए उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए। जिसके बाद बीएसए के आदेश पर बीते 11 नवंबर को खंड शिक्षा अधिकारी रुपईडीह और जिला समन्वयक निर्माण ने विद्यालय का निरीक्षण किया। जिसमें विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति बेहद कम थी, परिसर में गंदगी मिली। जाँच में शिक्षकों का प्रदर्शन असंतोषजनक रहा व मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी मानकों पर खरा नहीं उतरी। इसके अतिरिक्त, विद्यालय भवन जर्जर स्थिति में पाया गया, जो बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।इसी के साथ प्रशासनिक स्तर पर भी कई अनियमितताएं सामने आईं।  
जिसकी जांच रिपोर्ट के आधार पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार तिवारी ने प्रधानाध्यापिका को निलंबित करने और उन्हें संबद्ध करने का आदेश दिया। साथ ही, जिला समन्वयक निर्माण को चेतावनी जारी करते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही न होने की सख्त हिदायत दी गई।  
इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार तिवारी ने बताया कि इस मामले की विस्तृत जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी इटियाथोक को जांच अधिकारी नामित किया गया है। वहीं, जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ