गोण्डा डेस्क
गोण्डा। मुख्यालय स्थित बाबू ईश्वरशरण मेडिकल कॉलेज में सीसीटीवी व्यवस्था ध्वस्त होने के चलते यहाँ की सुरक्षा भगवान भरोसे हो गई है। सीसीटीवी कैमरे न चलने की वजह से बाइक चोरी समेत अन्य घटनायें आम हो चलीं हैं।
बता दें कि,मेडिकल कॉलेज परिसर में इमरजेंसी प्रवेश द्वार के सामने स्थित वाहन स्टैंड के सामने लगा सीसीटीवी कैमरा पूरी तरह शोपीस है । जिसके कारण मरीजों का इलाज कराने अंदर गये तीमारदारों की बाइकें बाइक चोर आसानी से बिना खौफ के चुरा ले जाते हैं।
जब इसकी शिकायत पुलिस से की जाती है तो वह इन सीसीटीवी कैमरों के न चलने की वजह से चोरों की पहचान करने में अपने आपको असमर्थ पाती है।जिसका फायदा उठा बाइक चोर आये दिन परिसर से बाइकों की चोरी की घटना को अंजाम देते रहते हैं।
इसी तरह मरीजों के इलाज के लिये पर्ची मिलने वाले काउंटर हाॅल मे लगे सीसीटीवी कैमरे के काम न करने के कारण वहाँ सक्रिय जेबकतरे भीड़ में लोगों की जेबें तक काट लेते हैं।
बताया जाता है कि,मेडिकल कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को जानबूझकर खराब कर दिया जाता है ,जिसमें अस्पताल में कार्य कर रहे प्राइवेट सुरक्षा गार्डों से लेकर वहाँ घूम रहे दलालों व अन्य आवंछित तत्वों की मिली भगत होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
बहरहाल सीसीटीवी कैमरों के सुचारू रूप से कार्य न करने से वहाँ बाइक चोर व जेब कतरे बेखौफ हो अपने कृत्यों को अंजाम देते रहते हैं।जिनमें कुछ एक की शिकायतें ही पुलिस के पास पहुँच पातीं हैं।


0 टिप्पणियाँ