गोण्डा - मंदिर पर अवैध निर्माण का विरोध पर पति-पत्नी और बेटियों को पीटा

वायरल वीडियो पर हरकत में आई पुलिस ने दर्ज की एनसीआर 
गोण्डा डेस्क 
गोण्डा ।जिले के नवाबगंज कस्बे के कहरान मोहल्ले में स्थित एक मंदिर पर अवैध निर्माण कर रहे दबंगों को रोकना पति-पत्नी को मंहगा पड़ गया। दबंगों ने पति-पत्नी और उनकी बेटियों की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वहीं पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दबंगों के खिलाफ एनसीआर की कार्रवाई की है।
     कस्बे के कहरान मोहल्ले के निवासी राजकुमार सोनी पुत्र जुगुल किशोर ने थाने पर दी गई तहरीर में कहा कि मंगलवार की सुबह उनके घर के सामने स्थित मंदिर पर विपक्षी जयकांत सोनी पुत्र श्याम नरायन, उनके तीनों बेटे विवेक, शुभम और बाबुल अवैध निर्माण कर रहे थे। विरोध करने पर विपक्षियों ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उसे और उसकी बेटी सौम्या एंव सोनिया सोनी को लाठी-डंडे से मारा-पीटा।
पीड़ित ने बताया कि बीच-बचाव कर रही मेरी पत्नी शकुंतला को भी दबंगों ने पीटा। मारपीट की यह घटना वहीं पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। घटना का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस संबंध में स्थानीय पुलिस ने विपक्षियों के विरूद्ध एनसीआर की कार्रवाई की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मारपीट के वीडियो में एक लडकी का बाल पकड़कर दबंगों ने पटक दिया है वहीं महिला और लड़की को भी एक युवक पीटता दिख रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि कुछ माह पूर्व पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कस्बे में दिन-दहाड़े महिलाओं और बेटियों की पिटाई का यह मामला दबंगों के हौंसले और रसूख को खुदबखुद बयान कर रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ