गोण्डा। जिले के नवाबगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत सरयू घाट चौकी के लोलपुर ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाने पर दी गई तहरीर के मुताबिक दुफडिया, कोतवाली देहात गोंडा निवासी आशीष कुमार पाण्डेय पुत्र राज कुमार पाण्डेय 22 नवंबर की रात्रि लगभग 8:30 बजे अपने पिता राज कुमार पाण्डेय के साथ अयोध्या से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे लोलपुर ओवरब्रिज के पास पहुँचे, पीछे से आई तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े, जिसमें राज कुमार पाण्डेय के हाथ में गंभीर चोट आ गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ स्थित एक निजी ऑर्थोपेडिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल का हाथ का ऑपरेशन किया जा चुका है और उनका इलाज जारी है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी है।
0 टिप्पणियाँ