गोण्डा - नवाबगंज में खुली पुलिस गश्त की पोल,बंद मकान में लाखों की चोरी

ढाई लाख नकद समेत कीमती जेवर चुरा ले गये चोर
गोंडा। जिले के नवाबगंज  थाना क्षेत्र अंतर्गत बालापुर गांव में बीते बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े मकान में घुसकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुये लाखों की नगदी समेत सोने व चांदी के आभूषण चुरा ले गये।
चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
बालापुर निवासी देवेन्द्र प्रताप पुत्र मनोज कुमार ने पुलिस को दिये अपने तहरीर में बताया कि, वह कुछ दिनों के लिए नीम करौली बाबा के दर्शन हेतु घर से बाहर गए हुए थे। इसी बीच परिजनो की अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर अलमारी व बक्से सहित अन्य स्थानों में रखे लाखों की नगदी व आभूषण चुरा ले गए।
वृहस्पतिवार की सुबह लगभग 6:30 बजे उनके पिता ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह तत्काल गांव पहुंचे, जहां घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। घर से ढाई लाख नकद, सोने का हार, सोने की अंगूठी, सोने की जंजीर तथा चांदी की पायल चोरी चली गई थी।
इस संबंध में थाना प्रभारी विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि, पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि, पुलिस टीम को जांच में लगाया गया है और शीघ्र ही घटना का खुलासा कर चोरों को पकड़ लिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ